नवहट्टा | संवाद सूत्र
प्रखंड में पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर बसे हजारों की आबादी को आज भी समुचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। आज भी यहां के लोग हल्की बीमारी में भी इलाज कराने कई किमी दूर जाते हैं। हाल यह रहता है कि आवाजाही का साधन भी एकमात्र नाव है जिसके सहारे लोग मरीज को इलाज करने ले जाते हैं।क्षेत्र में कोई स्वास्थ्य सुविधा नहीं रहने के कारण तटबंध के अंदर बसे लोगों को बड़ी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। गंभीर स्थिति में मरीजों को आनन-फानन में बैलगाड़ी ट्रैक्टर और खाट के सहारे नदी किनारे लाया जाता हैं। इतना ही नहीं नदी पार करने के लिए 1000 से 1500 तक किराया देकर किसी प्राइवेट नाव से नदी पार कर मरीज की ईलाज के लिए उनके परिजन प्रखंड मुख्यालय पहुंचते हैं। लेकिन नजदीक में स्वास्थ्य सुविधा नहीं होने और आवागमन की सुविधा नहीं होने के कारण मरीज का हालत गंभीर हो जाता है।
वहीं डरहार पंचायत के गढ़िया बथान गांव स्थित वार्ड 13 निवासी श्रीलाल यादव की अचानक तबीयत बिगड़ जाने के कारण उनके परिजनों द्वारा किसी तरह आनन-फानन में नदी किनारे लाया गया। चिलचिलाती धूप में छोटी नाव के सहारे मरीज को ईलाज के लिए शहर ले जा रहे श्रीलाल यादव के पुत्र भावेश यादव ने बताया कि शनिवार को सुबह अचानक उनके पिता का तबीयत बिगड़ गया जिसके बाद किसी तरह नदी पार कर सहरसा के प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है। और उनका इलाज चल रहा है। वहीं संतोष सरकार, जीतन यादव, रामराज यादव, चंदर चौधरी, ललन चौधरी, महाराज यादव, गंगा यादव, माधव यादव, सोभानंद यादव, सुशील यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र के लोग अक्सर सहर ईलाज कराने जाने के क्रम में रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। जबकि डरहार में 26 नवंबर 1997 को तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री डॉ महावीर प्रसाद के द्वारा राजकीय होम्योपैथिक औषधालय का उद्घाटन किया गया था।
लेकिन कई वर्षों से स्वास्थ्य भवन जर्जर बना हुआ है और यहां कोई स्वास्थ्य कर्मी भी दिखाई नहीं दिए हैं। इस कारण कोसी तटबंध के भीतर बसे दर्जनों गांव के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करते हुए इलाज के लिए शहर जाने में आर्थिक शारीरिक और मानसिक नुकसान सहना पड़ता हैं।कहते हैं प्रभारी: इस संदर्भ में नव पदस्थापित नवहट्टा पीएचसी प्रभारी डॉक्टर सुजीत कुमार ने बताया कि बहुत जल्द इस समस्या से विभाग को अवगत कराते हुए विभागिय आदेशानुसार इस पर कार्य किया जाएगा।
अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र खुद है बीमार: सोनवर्षाराज। प्रखंड क्षेत्र के एक बडी आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुद बीमार पडी हुई है।
जहां कुव्यवस्था व्याप्त है।जिससे आमजनों को छोटी या बडी शारिरिक समस्याओं के लिए ग्रामीण चिकित्सकों से अपना इलाज करवाना पडता है।जहाँ धन और स्वास्थ्य दोनों गवाना पडता है।क्षेत्र के विभिन्न अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में साधन और संसाधन कि कमी के साथ साथ पदस्थापित चिकित्सकों का भी कभी कभी ही दर्शन संभव हो पाता है।और चिकित्सक की जगह कर्मियों के द्वारा मरीजों का इलाज कर दवाई दिया जाता है।जबकि मरीजों के सोने के लिए एक अदद बेड या सतरंगी चादर तक नहीं रहता है।क्षेत्र के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र विराटपुर में पदस्थापित चिकित्सक कि जगह एफ पी डब्लू द्वारा ही कई बार मरीजों को दवाई दिया जा रहा था। अस्पताल के खाली पडे लोहे के बेड पर धूल कण भरा हुआ रहता है। इस तरह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति को देख कर सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार के द्वारा आमजनों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की सभी दावे फेल हो गए है।
जिससे लोगों को ग्रामीण क्षेत्र के झोला छाप डाक्टर या किसी निजी अस्पताल के भरोसे अपना स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराया जाता है। ये मामला केवल विराटपुर स्थित केंद्र का नहीं बल्कि कोमोबेश हर जगह यही देखने को मिलता है।
हाल यह रहता कि सर्दी खांसी व बुखार जैसे हल्के बीमारी में भी लोगों को इलाज नहीं मिल पाता है। उन्हें प्रखंड मुख्यालय या अन्य निजी अस्पताल जाना पड़ता है।
एक टिप्पणी भेजें